Portrait of Arundhati Roy, Indian author and activist, known for 'The God of Small Things' and her socio-political essays.
| | |

अरुंधति रॉय से इतनी नफ़रत क्यों?

                                         पहलगाम घटना के बाद एक अजीब बात देखने को मिली। कश्मीर में आतंकवादी हमले के बाद जहाँ सवाल सरकार से पूछे जाने चाहिए थे, वहाँ कुछ भारतीय साहित्यकार और बुद्धिजीवी अरुंधति रॉय से जवाब मांगते नज़र आए। वजह यह थी कि अरुंधति ने कहा था कि भारतीय और पाकिस्तानी शासक वर्ग देशभक्ति और कश्मीर के मुद्दे को ज़िंदा रखते हैं ताकि अपने-अपने लोगों का ध्यान गरीबी, असमानता, सरकारी विफलताओं और अत्याचारों से भटकाया जा सके.
 
1997 में जब ‘द गॉड ऑफ स्मॉल थिंग्स’ ने बुकर जीता, तो एकाएक भारत ने एक नई नायिका को जन्म लेते देखा—अरुंधति रॉय। अरुंधति रॉय ने अपने संस्मरण मदर मैरी कम्स टू मी  (2025) में लिखती हैं –
 
 “इसी बीच मैंने बुकर पुरस्कार जीत लिया। इससे सब कुछ बदल गया। हालाँकि कुछ वामपंथियों ने कहा कि यह (पुरस्कार ) एक साम्राज्यवादी साज़िश है, फिर भी लोग इस बात से गर्वित और प्रसन्न थे कि एक भारतीय लेखक को एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। लेकिन पूरी तरह से उत्सव के रूप में मनाने के लिए ‘द गॉड ऑफ स्मॉल थिंग्स’ को भारतीय बौद्धिक वर्ग ने उपन्यास का “अराजनीतिकरण (de-politicize)” कर दिया गया और  उसे बच्चों की कहानी बना दिया गया, उसके जाति-संदर्भों  को नज़रअंदाज़ कर दिया गया.
क्यों? ताकि वे उन्हें गर्व से अपना सकें, उनके पुरस्कारों का जश्न मना सकें, लेकिन उनकी असुविधाजनक राजनीति से दूरी बना सकें.
 
पर यह शुरुआत भर थी.
 
उनका असली अपराध यह किताब नहीं था। उनका अपराध वह था जो उसके बाद हुआ। अरुंधति के वैचारिक आलेख आये। परंपरागत बौद्धिकता सत्ता या सांस्कृतिक वर्चस्व के करीब बैठती है, अरुंधति रॉय को एक खतरनाक सवाल के रूप में देखती है—क्योंकि वे सिर्फ लिखती नहीं, वे सत्ता के सारे मिथकों को तोड़ती हैं.
रॉय ने एक निबंध “The Ladies Have Feelings…So Shall We Leave It to the Experts?” में इस दोहरी पहचान पर प्रतिक्रिया दी है। जिस अरुंधति ने ‘द गॉड ऑफ स्मॉल थिंग्स’ लिखा, उसे ‘लेखक’ कहा जाता है, और जिस अरुंधति ने राजनीतिक लेख लिखा, उसे ‘एक्टिविस्ट.’ वे प्रश्न उठाती हैं कि क्या लेखक को नॉन-फिरशन लेखन का अधिकार नहीं है? उनका तर्क है कि उन्हें यह उपाधि इसीलिए दी गई क्योंकि उन्होंने अपने लेखों में पक्ष लिया है — नैतिक पक्ष। वे यह भी कहती हैं कि आज के समय में नैतिक पक्ष लेना ‘अनकूल’ नहीं माना जाता, लेकिन वे ऐसा करती हैं क्योंकि यह ज़रूरी है.
 
रॉय से घृणा करनेवाला साहित्यकारों का वर्ग वही है जो नहीं चाहते कि किताबें सत्ता से सवाल करें। लेकिन रॉय की किताबें सवाल करती हैं और यही उनके लिए असहनीय है.
 
इन साहित्यकारों की प्रतिक्रिया को एक केस स्टडी के रूप में देखेने से यह समझा जा सकता है कि विचारधारा, राजनीति और साहित्य के आपसी संबंधों में आज कितनी असहिष्णुता और दोहरापन घुल चुकी है और ऐसा क्यों है? इस घृणा के रुप क्या हैं?

 

केस स्टडी 1: अशोक कुमार पांडेय का सत्य- झूठ का मिश्रण
 
अशोक कुमार पांडेय ने ‘उसने गांधी को क्यों मारा’, ‘सावरकर: काला पानी और उसके बाद’, तथा ‘कश्मीरनामा’  पुस्तकों को लिखा है। पांडेय ने अपने एक फेसबुक पोस्ट में अरुंधति रॉय पर कश्मीर मुद्दे को लेकर यह कहकर निशाना साधा कि वे “पाकिस्तान के सबसे बड़े समर्थक सैयद अली शाह गीलानी के साथ मुट्ठियाँ लहराते हुए खड़ी थीं। क्या उन्होंने कभी नहीं सोचा कि मसला-ए-कश्मीर बंदूक से हल नहीं होगा?” उन्होंने आगे लिखा कि “याद कीजिए कि जब गीलानी से पूछा गया कि कश्मीर की आज़ादी से उनका क्या मतलब है, तो उन्होंने कहा – पाकिस्तान में मर्जर.”
 
अशोक कुमार पांडेय सच और झूठ एक साथ मिलाकर एक भ्रम पैदा कर रहे हैं। सत्य यह है कि अरुंधति रॉय ने गीलानी के साथ मंच साझा किया था और वे खुलकर कश्मीरियों की आत्मनिर्णय की माँग का समर्थन करती रही हैं। लेकिन झूठ  यह है कि उन्होंने कभी कश्मीर को पाकिस्तान में मिलाने (merger) की वकालत की हो.

 

केस स्टडी 2: सुजाता -बौद्धिक दोहरापन
 
सुजाता एक साहित्यकार हैं, जिनकी एक किताब “विकल विद्रोहिणी: पंडिता रमाबाई” है। सुजाता ने अरुंधति रॉय को “मौकापरस्त पर्यटक क्रांतिकारी” मानकर यह आरोप लगाया कि वे लिखती हैं और फिर विदेश चली जाती हैं, इसलिए उन्हें भारत पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। तब प्रश्न यह है कि क्या पंडिता रमाबाई, जिन्होंने अमेरिका में रहते हुए ‘The High-Caste Hindu Woman’ जैसी ऐतिहासिक पुस्तक लिखी, उनका योगदान भी विदेश में रहने की कसौटी पर खारिज किया जा सकता है? नहीं।  मगर अरुंधति रॉय को केवल इसलिए खारिज कर देना कि वे विदेश चली जाती हैं, न केवल अतार्किक है बल्कि एक बौद्धिक दोहरापन भी है। 
 
जब सुजाता जैसी लेखिका अरुंधति रॉय के “विदेश चले जाने” या “भारत में न रहने” को उनके विचारों की वैधता पर सवाल उठाने के लिए इस्तेमाल करती हैं, तो यह तर्क उसी प्रतिगामी मानसिकता दोहराता है जो भारतीय राजनीति में अक्सर “विदेशीपन” को राष्ट्रभक्ति की कसौटी बनाकर इस्तेमाल करती है.
यह बिल्कुल वैसा ही है जैसा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने वर्षों तक सोनिया गांधी के “इटालियन मूल” को लेकर किया, जहाँ उनके विचारों, नेतृत्व और भूमिका को बार-बार इस आधार पर खारिज करने की कोशिश की गई कि वे “विदेशी” हैं.
 
केस स्टडी 3: अंचित -मौन घृणा
 
अंचित एक युवा कवि हैं, जिनका कविता संग्रह “साथ-असाथ” प्रकाशित हुआ है। अंचित का कहना है कि उनके लेखन में वैचारिक एकपक्षीयता है, जो उन्हें पर्याप्त “स्टिमुलेट” नहीं करता। उनका एक प्रश्न यह भी है कि अरुंधति रॉय क्या मार्क्सवादी  हैं? और इस आलोचना का एक अंतर्विरोध यह है कि अंचित स्वयं को प्रगतिशील परंपरा का हिस्सा नहीं मानते और न ही स्वयं को मार्क्सवादी कहते हैं, फिर भी अरुंधति के मार्क्सवादी न होने पर सवाल उठाते हैं। यह अरुंधति रॉय के खिलाफ उस “ठंडी नफ़रत” (cold war hate) का उदाहरण है, जो अकसर वैचारिक के बदले कलात्मक असहमति के आवरण में प्रकट होती है, जहां लेखन की ताक़त, सामाजिक हस्तक्षेप और असुविधाजनक सवाल पूछने वाली आवाज़ को नज़रंदाज़ करने के लिए उसके कलात्मक मूल्य पर प्रश्न खड़ा किया जाता है.
 
आखिर इन साहित्यकारों को अरुंधति रॉय से इतनी नफ़रत क्यों है? क्या यह विचारों से असहमति है या किसी गहरी असुरक्षा की प्रतिक्रिया?
 
भारत: विरोधाभासों की भूमि
 
अरुंधति कहती हैं कि भारत एक ऐसा देश है जो एक साथ कई सदियों में जीता है। तकनीकी विकास के बीच, पौराणिक आस्थाओं और अंधविश्वासों की घटनाएं भी उसी ऊर्जा से फल-फूल रही हैं। उदाहरण के तौर पर वे एक ओर जर्मनी में भारतीय सॉफ्टवेयर इंजीनियरों की मांग का ज़िक्र करती हैं, वहीं दूसरी ओर कुंभ मेले में एक नागा साधु द्वारा अपने लिंग से डी.सी . की कार खींचने की घटना की ओर इशारा करती हैं। यह एक ऐसा देश है जहां Miss World प्रतियोगिता की चमक और बाल मजदूरी एक ही समय में मौजूद हैं.
 
यह द्वैत भारत की राजनीति, समाज और आत्मा में गहरे धंसा हुआ है। एक तरफ डिजिटल क्रांति है, तो दूसरी ओर वह सड़कों पर खड़े मज़दूर हैं जो ठंड में मोमबत्ती की रोशनी में फाइबर ऑप्टिक केबल बिछा रहे हैं। इस विरोधाभास को वे एक रूपक के ज़रिए समझाती हैं—एक बड़ा ट्रक समृद्धि की ओर जा रहा है और एक छोटा ट्रक अंधकार में लुप्त हो रहा है। भारत की जनता इनमें से किसी एक में नहीं, बल्कि दोनों ट्रकों के बीच लटक रही है—भावनात्मक और बौद्धिक रूप से.
 
रॉय की विशेषता है कि वे भारत के उस “डुअल” यथार्थ को उजागर करती हैं जिसे अक्सर बौद्धिक वर्ग छिपा देता है। इस तरह की सच्चाई को देखकर बौद्धिक वर्ग असहज होता है। 
सिद्धार्थ रामू ने अपने एक लेख में अरुंधति की इस सक्रियता को परंपरावादियों की नजर में अपराध माना है।
 
 
पहला अपराध: वह आदर्श राष्ट्रीय नायिका नहीं बनीं
 
 
1997 के बाद रॉय अगर चाहतीं, तो वह दिल्ली के किसी विश्वविद्यालय में प्रोफेसर बन सकती थीं। पद्मश्री या पद्मभूषण ले सकती थीं। टीवी डिबेट्स की स्थायी अतिथि बन सकती थीं। लेकिन उन्होंने वह रास्ता नहीं चुना.
उन्होंने नर्मदा बचाओ आंदोलन के साथ खड़ा होना चुना.
यह उस दौर की बात है जब भारत नवउदारवाद के उत्सव में डूबा था। ‘इंडिया शाइनिंग’ का नशा अभी चरम पर था। डैम को विकास का प्रतीक माना जा रहा था। और रॉय ने इस ‘विकास’ के खिलाफ लिखा—’The Greater Common Good’। उन्होंने पूछा कि किसके लिए यह विकास हो रहा है? और किस कीमत पर?
यहीं से उनकी दुश्मनी शुरू हुई.
उनकी लेखनी को ‘विकास विरोधी’ और ‘राष्ट्र विरोधी’ घोषित कर दिया गया।  

 

दूसरा अपराध: बस्तर के आदिवासियों के बीच जाना, और ‘कॉमरेड’ के साथ चलना
 
 
अरुंधति रॉय ने जब’Walking with the Comrades’लिखा, तो उन्होंने भारत के ‘रेड कॉरिडोर’ को साहित्यिक और राजनीतिक विमर्श में लाकर खड़ा कर दिया। यह सिर्फ एक किताब नहीं थी, यह उस शोर के विरुद्ध एक स्पष्ट आवाज़ थी जो बस्तर के आदिवासियों को आतंकवादी कहकर खारिज करता रहा.
 
सिद्धार्थ रामू कहते हैं कि “बंदूक को लेकर पांडेय कुछ ज्यादा भड़के नजर आ रहे हैं। बस्तर के आदिवासियों के मामले में उन्होंने बंदूक को निशाना बनाकर अरूनधती को निशाना बनाया है। पांडेय जी की बात से यह लग रहा है कि जनता या जनता के किसी हिस्से के हाथ में किसी भी परिस्थिति में बंदूक हो, यह बात पांडेय जी को गंवारा नहीं है। बस्तर के आदिवासियों के बीच अरूधती के जाने और किताब लिखने पर पांडेय जी का कमेंट-इस मामले में पांडेय जी लिखते हैं कि, “अहिंसा का पाठ तो इन्होंने बस्तर में भी नहीं पढ़ाया जिसके नाम पर दिल्ली/पटना/इलहाबाद के पढे-लिखे लोग बुद्धिजीवी बन गए और आदिवासी शिकार होते रहे.किताबें लिखीं, वाहवाही और रॉयल्टी बटोरी और यूरोप चली गईं.”यहां पांडेय जी एक साथ तीन निशाना साध रहे हैं। पहली लाइन में अहिंसा के पाठ की बात कर रहे हैं। यहां साफ है कि उनका संदर्भ भारत-पाकिस्तान के बीच के युद्धोन्माद-युद्ध के बारे में अरूनधती की राय पर व्यंगात्मक टिप्पणी है, जिसमें पांडेय जी कह रहे हैं कि भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध की मुखाफलत करके अरूनधती अहिंसा का पाठ पढ़ा रही हैं.”
 
 
तीसरा अपराध: कश्मीर के लिए बोलना, गिलानी के साथ मंच साझा करना
 
कश्मीर पर रॉय का स्टैंड शुरू से साफ रहा है,यदि कश्मीरी आज़ादी चाहते हैं, तो उन्हें उसकी बात करने का अधिकार है.
वे भूल जाते हैं कि अरुंधति ने कभी कश्मीर के पाकिस्तान में विलय की बात नहीं की। उन्होंने गिलानी के साथ मंच साझा किया, विचार नहीं.
और मंच साझा करना, किसी लोकतंत्र में गुनाह नहीं होना चाहिए.
 
चौथा अपराध: मुसलमानों के साथ खड़े होना, जब हर कोई चुप था
सीएए-एनआरसी आंदोलन हो या गुजरात दंगे, अरुंधति ने बार-बार अपने लेखन और भाषणों में उस अल्पसंख्यक समुदाय के साथ खड़ा होने की हिम्मत दिखाई, जिसे बार-बार राष्ट्र विरोधी कहा गया.
जब दिल्ली जल रही थी, तब अरुंधति ने बोला”सीएए-एनआरसी संविधान की रीढ़ तोड़ने के लिए तैयार है.” 
“अंत की आहटें: एक हिंदू राष्ट्र का उदय” आलेख में अरुंधति रॉय उस बदलते भारत की तस्वीर पेश करती हैं जहां कभी असहमति और प्रतिरोध की परंपरा गर्व का विषय थी, वहीं आज वह दम तोड़ती प्रतीत हो रही है। यह लेख भारत के लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने के क्षरण की गहरी चिंता को व्यक्त करता है, जहां एक “हिंदू राष्ट्र” के उभार की आहटें स्पष्ट होती जा रही हैं.
यह ‘आत्मा’ शब्द ही परंपरागत बौद्धिकता को चुभता है। क्योंकि यह आत्मा वे कभी संविधान में ढूंढते हैं, कभी वर्णाश्रम में.
 
 
पाँचवाँ सबसे बड़ा अपराध -जाति पर प्रहार
 
जब अरुंधति ने ‘एनिहिलेशन ऑफ कास्ट’ की भूमिका लिखी थी, तो वह सिर्फ़ एक लेखक नहीं थीं, एक संवेदनशील और सतर्क आत्मा थीं, जो भारत की आत्मा से लड़ रही थीं।    
वह कहती हैं, “जाति व्यवस्था ही वह रग है, जिससे हिंदू राष्ट्रवाद का रक्तसंचार होता है.” वह रेखांकित करती हैं कि ब्राह्मणवाद और कार्पोरेट गठबंधन ही इस समय की सबसे ख़तरनाक साजिश है। उनका कहना है, “जाति आज भी भारतीय समाज का इंजन है,नियम भी, और चाल भी.”
 
उनकी कलम ने न केवल आंबेडकर को नए सिरे से स्थापित किया, बल्कि ‘जाति उन्मूलन’ को आज की ज़रूरत बना दिया। उन्होंने गांधी के जाति-सम्मत दृष्टिकोण की आलोचना की, हर उस विचार और किताब की धज्जियां उड़ाईं जो जाति व्यवस्था को पोषित करती थीं। इसलिए वे हमेशा वर्णवादी आलोचकों के निशाने पर रहीं.
 
 
छठा अपराध: जब उन्होंने परमाणु बम के खिलाफ कलम उठाई
 
1998 में जब पोखरण में भारत ने परमाणु परीक्षण किया, तो सारा देश जश्न में डूबा था। टीवी पर एंकर ‘जय विज्ञान’ के नारे लगा रहे थे। लेकिन रॉय ने लिखा—’The End of Imagination’.
उन्होंने कहा कि यह विनाश का उत्सव है.
उन्होंने राष्ट्रवाद की उस चादर को खींच दिया जिसके नीचे सत्ता अपनी ताकत छुपा रही थी। पाण्डेय जी जैसे परंपरागत बुद्धिजीवी, जिन्हें इतिहास के सभी युद्ध याद हैं, वे यह नहीं समझ पाए कि किसी बुद्धिजीवी का काम सिर्फ तारीखों को याद रखना नहीं होता, बल्कि भविष्य को बचाना भी होता है.
 
 
अरुंधति रॉय की नज़र में आदर्श बुद्धिजीवी का मॉडल क्या है?
 
रॉय लेखक को ‘शांत न रहने’ का अधिकार है। यह स्वतंत्रता का सार है—स्वतंत्रता से बोलने, सोचने, पहचान को बनाए रखने और मानवीय गरिमा से जीने रॉ।
रॉय खुद सवाल करती हैं — क्या एक लेखक को राजनीति में हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं है? क्या वह सिर्फ कल्पनाओं में उलझा रहने वाला प्राणी है? उन्होंने एक निबंध — “The Ladies Have Feelings…So Shall We Leave It to the Experts?” — में इस दोहरेपन पर चोट की है.
 
उनके अनुसार, अगर आपने कोई उपन्यास लिखा है, तो आप ‘लेखक’ कहलाएंगे। लेकिन जैसे ही आपने कुछ राजनीतिक या सामाजिक आलोचना की, आपको ‘एक्टिविस्ट’ करार दे दिया जाएगा , जैसे यह कोई अलग जीव हो! यह एक घेट्टोइज़ेशन है , लेखकों की दुनिया को सजावटी बना देने की कोशिश, जहां वे सत्ता के सामने केवल मौन रहकर तालियां बजाएं.
लेकिन रॉय ने वह मौन नहीं ओढ़ा। उन्होंने अपना नैतिक पक्ष चुना , और यही उन्हें परंपरागत बौद्धिकता की आंख की किरकिरी बना देता है.
 
 
लेखक की ‘ताकत’: जोड़े बिखरे सूत्र
 
लेखक के पास यह ‘ताकत’ होती है कि वह उन कड़ियों को जोड़ सके जो बिखरी हुई लगती हैं,जैसे कि एक गाँव के डूब जाने की कहानी को WTO, IMF और World Bank से जोड़ देना। लेखक जटिल राजनीतिक-आर्थिक सच्चाइयों को ऐसी कहानियों में रूपांतरित करता है जो संवेदना के माध्यम से समझी जा सकें। लेखक जनता को उनकी ‘वास्तविक स्थिति’ से अवगत कराता है, जो कि अक्सर विशिष्ट भाषा और नीतियों के पर्दे में छुपा दी जाती है.

 

विशेषज्ञ बनाम लेखक: ज्ञान का लोकतंत्र
रॉय विशेषज्ञों की भूमिका को संदेह की दृष्टि से देखती हैं। वे मानती हैं कि विशेषज्ञ ज्ञान को उपनिवेशित कर लेते हैं,उसे चार दीवारों में बंद कर आमजन से दूर कर देते हैं। ये विशेषज्ञ ऐसे तर्क देते हैं: “मेरा ज्ञान तुम्हारे जीवन के लिए आवश्यक है, इसलिए निर्णय मुझे करने दो.” यह विचार लोकतांत्रिक नहीं है। लेखक का काम होता है इस ज्ञान को आम जनता तक लाना, उसे कहानियों में बदलकर सहज बनाना.
रॉय मानती हैं कि विशेषज्ञ हमेशा गलत नहीं होते, लेकिन केवल उन्हीं पर आश्रित रहना उचित नहीं है। एक लेखक की जिम्मेदारी है कि वह ऐसे ज्ञान को भी सामने लाए जो जिज्ञासा, करुणा, विनम्रता और कभी-कभी ‘न छेड़ने’ की भावना से प्रेरित हो। उनके लिए तथ्यों को खोदना नहीं, बल्कि संघर्षों और चिंताओं की परतों को उजागर करना अधिक महत्वपूर्ण है.
 
नई कला की जरूरत: अदृश्य को दृश्य बनाने की क्षमता
इस दौर की सबसे बड़ी चुनौती है, नई तरह की कला का विकास करना। ऐसी कला, जो अमूर्त को मूर्त बना सके, जो अदृश्य को दृश्यमान कर सके, जो कॉर्पोरेट शक्ति की असलियत को सामने ला सके। यह वह कला है, जो न केवल सौंदर्य बोध की सेवा करे, बल्कि राजनीतिक प्रतिरोध की भी भूमिका निभाए.
 
अरुंधति मानती हैं कि यही आज की कला की भूमिका होनी चाहिए, लोगों को जागरूक करना, सवाल उठाना और सत्ता को जवाबदेह बनाना। यह कला न केवल मनोरंजन है, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक हथियार भी है.
 
लेखन एक नैतिक परियोजना है
 
लेखक केवल ‘सुंदर’ नहीं रचता, वह ‘सच’ भी रचता है। सच को सुंदर बनाना और सुंदर को सच में बदल देना लेखक की अद्वितीय विशेषता है। लेखक का धर्म यह है कि वह जनता को सशक्त बनाए, उन्हें सोचने, समझने और अपनी ज़िंदगी में हस्तक्षेप करने का साहस दे। लेखन न तो केवल भाषा है, न ही केवल विचार; वह एक जीवंत संवाद है-जिसमें सत्ता, शक्ति, सौंदर्य और सच्चाई की बहस निरंतर चलती रहती है.
रॉय न तो आदर्शवादी हैं और न ही केवल दस्तावेज़ी। वे तर्क करती हैं, विश्लेषण करती हैं, असहमति प्रकट करती हैं और सवाल उठाती हैं। वे चीज़ों को वैसे ही नहीं छोड़तीं, बल्कि हर ‘सिस्टम’ में हस्तक्षेप कर सत्य को उजागर करने का काम करती हैं। लेखक का सबसे बड़ा योगदान उसकी असहमति में है, एक ऐसी असहमति जो तर्कसंगत, शांतिपूर्ण और निरंतर हो। यह असहमति धर्म, राज्य, पूंजीवाद और लोकतंत्र के दबावों से उपजी हिंसा 

 

विरोध का वैश्विक निर्यात
 
रॉय कहती हैं, अगर लाभ को वैश्वीकृत किया जा सकता है, तो असहमति को क्यों नहीं? उन्होंने नर्मदा बचाओ आंदोलन से लेकर कश्मीर और बस्तर तक हर संघर्ष की आवाज़ को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचाया.
उनकी यही वैश्विक सक्रियता, यह अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप परंपरागत बौद्धिकता के लिए चुनौती है। उनके लिए साहित्य एक सीमित मंच है, जबकि रॉय के लिए यह एक Global Act of Resistance है.
वे कहती हैं  “भारत की सबसे बड़ी पेशकश ‘विरोध का निर्यात’ हो सकती है.”
इसलिए अरुंधति रॉय का अपराध यह नहीं है कि उन्होंने गिलानी के साथ मंच साझा किया, या बस्तर में आदिवासियों के साथ चलीं, या नर्मदा के किनारे बैठीं.
उनकी आलोचना करना आसान है। उनके होने को समझना कठिन। लेकिन समय गवाह है—पिछले दो दशकों में अगर किसी ने इस देश में बुद्धिजीवी होने की नैतिक ज़िम्मेदारी निभाई है, तो वह हैं— अरुंधति रॉय.
उनका अपराध यह है कि उन्होंने सवाल पूछे। ऐसे सवाल जो हमें सत्ता के आईने में देखने को मजबूर करते हैं। परंपरागत बौद्धिकता अरुंधति से डरती है और इसलिए घृणा करती है, क्योंकि वो ऐसे सवाल पूछती हैं कि किसका विकास? किसकी सुरक्षा? किसकी आज़ादी?
 
(समाप्त)
 
संदर्भ – सिद्धार्थ रामू, अरूनधती राय के ऐतिहासिक अपराध,  फेसबुक पोस्ट
 

Similar Posts

  • |

    पटना खोया हुआ शहर : एक शहर की तलाश

    कुछ किताबें ऐसी होती हैं, जो पाठक के दिल में एक खाली जगह छोड़ देती हैं, जिसे पाठक अपने अनुभवों और यादों से भरता है। ऐसी कुछ किताबों की समीक्षा नहीं लिखी जा सकती, बस तारीफ़ की जा सकती है। इस कथन को आलोचक के तौर पर असफलता माना जा सकता है, पर यह असफलता…

  • | |

    ममता कालिया : दस्तावेज एपिसोड 01

    दस्तावेज एपिसोड 01: ममता कालिया से संवाद
    9 सितम्बर 2018 को ‘दस्तावेज़’ की यह मौन यात्रा अपने पहले पड़ाव से आरंभ हुई-ममता कालिया के साथ एक गहरी, आत्मीय और संवेदनशील बातचीत के रूप में।
    ‘दस्तावेज़’ केवल एक श्रृंखला नहीं, बल्कि एक ऐसा प्रयास है जो कलाकार की उस आंतरिक भूमि तक पहुँचता है, जहाँ रचना जन्म लेती है,जहाँ शब्द मौन में बदल जाते हैं और मौन कला में। इसी भावना के साथ, पहला एपिसोड समर्पित हुआ उस लेखिका को, जिनकी लेखनी ने हिंदी साहित्य में स्त्री की आत्मस्वीकृति, समाज के द्वंद्व, और व्यक्तिगत अस्तित्व की जटिलताओं को रेखांकित किया—ममता कालिया।
    02 नवम्बर 1940 को वृन्दावन में जन्मी ममता कालिया, हिंदी की उन विरल साहित्यकारों में हैं जिनकी उपस्थिति पिछले सात दशकों से हिंदी कहानी, उपन्यास, कविता, निबंध, नाटक और पत्रकारिता के हर मोर्चे पर जीवंत रही है। उनके भीतर एक सजग स्त्री की दृष्टि है, जो अनुभव की सतह को चीरकर सामाजिक यथार्थ और व्यक्तिगत अनुभूति का गहन आख्यान रचती है।
    इस एपिसोड में, कैमरे ने न केवल उनके शब्दों को, बल्कि उनके मौन को भी सुना, उस मौन को जो हर रचनाकार की आत्मा में तपता है, और जो केवल तब प्रकट होता है जब कोई उसे पूछने नहीं, सुनने आता है।
    यह संवाद केवल लेखकीय यात्राओं का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि एक स्त्री की सांस्कृतिक चेतना, संघर्ष, और उसके भीतर पलती सृजन-चिंता का भी चित्र है। ममता कालिया की आवाज़ में जब ‘लड़कियाँ’, ‘दौड़’, ‘एक पत्नी के नोट्स’ जैसी रचनाएँ प्रतिध्वनित होती हैं, तब दर्शक केवल पाठक नहीं रह जाता, वह साक्षी बन जाता है उस यात्रा का, जिसमें जीवन, साहित्य और समय एक त्रयी बनकर गूंजते हैं।
    यह एपिसोड ‘दस्तावेज़’ की उस मूल दृष्टि को मूर्त करता है, जो दृश्य और अदृश्य के बीच बसे साहित्यिक क्षणों को पकड़ने की कोशिश है। यह उस ठहरे हुए समय की तस्वीर है, जहाँ एक कवि, एक लेखिका, और एक स्त्री तीनों एक साथ बैठी मिलती हैं, अपने होने की कथा सुनाती हुईं।
    दस्तावेज़, ममता कालिया के साथ इस प्रथम संवाद में, उस बिंदु को छूने का साहस करता है जहाँ लेखन शिल्प नहीं, बल्कि एक जीवनगत प्रतिज्ञा बन जाता है।

  • | |

    मुकेश-राग:पंकज राग का कथा-वक्तव्य

    “पंकज राग मूलतः कवि हैं। हिंदी फ़िल्मी गीतों के सहृदय प्रेमी भी हैं। इसी कारण है कि वे एक अनोखा काम करते हैं – वे एक कवि को संगीत की दुनिया में ले जाते हैं और संगीत की कहानी भी एक कवि की तरह कहते हैं।हिंदी फिल्म-संगीत के प्रति उनका अनुराग केवल रसिकता नहीं, बल्कि…

  • |

    मैत्रेयी पुष्पा : दस्तावेज एपिसोड 04 

    ‘दस्तावेज़’ एक साक्षात्कार श्रृंखला की इस यात्रा की अगली कड़ी हमें ले जाती है उस स्त्री स्वर तक, जिसने नारी अस्मिता, ग्रामीण जीवन और सामाजिक विद्रोह को अपने शब्दों में अनसुनी तीव्रता के साथ रूपायित किया है-मैत्रेयी पुष्पा।
    1 फ़रवरी 2019 को लिया गया यह साक्षात्कार, 12 जुलाई 2025 को ‘दस्तावेज़’ के माध्यम से प्रकाशित हो रहा है। यह केवल एक लेखिका से बातचीत नहीं है, यह उनकी स्मृतियों, संघर्षों और बेबाक दृष्टिकोण को समझने की एक रचनात्मक कोशिश है।
    मैत्रेयी पुष्पा, जिनका जन्म उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के सिकुर्रा गाँव में हुआ और जिन्होंने बुंदेलखंड की मिट्टी से अपने अनुभवों को सींचा, हिंदी साहित्य में एक असाधारण जनपक्षधर स्वर बनकर उभरी हैं।
    ‘दस्तावेज़’ की यह कड़ी लेखन के उस ठोस, असुविधाजनक, लेकिन ज़रूरी भूगोल को उजागर करती है, जहाँ स्त्री न केवल लिखती है, बल्कि सामाजिक संरचनाओं को चुनौती देती है। इस एपिसोड में मैत्रेयी जी बात करती हैं-अपनी रचना-यात्रा के संघर्षों की, पितृसत्ता से टकराते स्त्री लेखन की और उस भाषा की, जो ग्रामीण चेतना, लोक संस्कृति और विद्रोह को एक साथ साधती है।
    उनका लेखन ‘गुड़िया भीतर गुड़िया’ जैसी आत्मकथाओं से लेकर ‘चाक’, ‘इदन्न मम’, ‘अल्मा कबूतरी’ जैसे उपन्यासों तक स्त्री के अंत:संघर्षों, उसकी सामाजिक स्थितियों और उसकी चेतना की पड़ताल करता है।
    यह एपिसोड, कैमरे के उस ठहरे हुए क्षण की तरह है, जहाँ लेखिका की आँखों में वह कविता चल रही होती है, जो पन्नों पर नहीं, आत्मा की गहराई में लिखी जाती है। ‘दस्तावेज़’ उस मौन को पकड़ने की कोशिश करता है, जहाँ लेखक की वाणी ठिठकती है, लेकिन उसकी दृष्टि बोलने लगती है।
    यह संवाद मैत्रेयी पुष्पा की लेखकीय चेतना को नहीं, बल्कि उस स्त्री दृष्टि को उजागर करता है जो समाज की परतों में दबे हुए यथार्थ को निर्भीक स्वर देती है। यह वीडियो न केवल साहित्य में रुचि रखने वालों के लिए, बल्कि उन सभी के लिए आवश्यक है जो समाज के भीतर दबी आवाज़ों को सुनना चाहते हैं।
    ‘दस्तावेज़’ की यह कड़ी एक दस्तावेज़ है उस स्त्री साहस की, जो परंपरा से टकराने का जोखिम उठाती है — और पाठकों के हृदय में प्रतिरोध की नई चिंगारी जगाती है।

  • |

    अनामिका : दस्तावेज एपिसोड 03 

    ‘दस्तावेज़’ की यह तीसरी कड़ी एक ऐसी कवयित्री की ओर हमें ले जाती है, जिनकी लेखनी में अनुभव, विमर्श और संवेदना का अनूठा संगम है-अनामिका।
    बिहार के मुज़फ़्फ़रपुर में जन्मी और दिल्ली में शिक्षित अनामिका न केवल समकालीन हिंदी कविता की एक सशक्त आवाज़ हैं, बल्कि स्त्री-विमर्श की गहरी समझ और आलोचनात्मक दृष्टि के लिए भी जानी जाती हैं।
    इस एपिसोड में, ‘दस्तावेज़’ कविता के उस अंतरग पथ पर प्रवेश करता है, जहाँ शब्द केवल विचार नहीं, बल्कि जीवन के अनुभव से उपजे मौन का रूप होते हैं।
    हिंदी कविता की समकालीन दुनिया की सबसे सशक्त आवाज़ों में से एक, कवयित्री अनामिका का यह विशेष साक्षात्कार ‘दस्तावेज़’ शो के लिए लिया गया है। इस बातचीत में अनामिका कविता लिखने की अपनी प्रक्रिया, जीवन के अनुभवों और स्त्री स्वर की भूमिका पर गहराई से बात करती हैं। यह वीडियो हिंदी साहित्य, कविता, नारीवादी चिंतन और आत्मकथात्मक लेखन में रुचि रखने वालों के लिए एक अमूल्य दस्तावेज़ है।
    अनामिका बताती हैं कि कैसे उनके बचपन, पारिवारिक अनुभवों और सामाजिक संघर्षों ने उनकी रचनात्मकता को आकार दिया। साक्षात्कार में वे कविता को आत्मा की भाषा मानती हैं , एक ऐसी भाषा, जो प्रतिरोध, प्रेम और पहचान की बातें करती है। ‘दस्तावेज़’ का यह एपिसोड एक आत्मीय यात्रा है ,जहाँ शब्दों से जीवन को समझने की कोशिश की जाती है।

    अनामिका की कविताएं‘खुरदरी हथेलियाँ’, ‘समय के शहर में’, ‘बीजाक्षर’ सिर्फ साहित्यिक पाठ नहीं, बल्कि स्त्री की चेतना, संघर्ष और सामाजिक विमर्श की जीवंत दस्तावेज़ हैं।
    अनामिका हिंदी नारीवादी लेखन की एक अधिक बौद्धिक और दार्शनिक प्रवृत्ति का प्रतिनिधित्व करती हैं। वे एक कवयित्री, आलोचक और शिक्षाविद् हैं जो मिथकशास्त्र, मनोविश्लेषण और इतिहास से प्रेरणा लेकर लिंग को प्रश्नांकित करती हैं। मिथकों और इतिहास की पुनर्प्राप्ति: अनामिका प्राचीन मिथकों को पुनर्लेखित करती हैं ताकि स्त्री स्वरों और अनुभवों को केंद्र में लाया जा सके , यह कार्य कुछ हद तक पश्चिम में एड्रिएन रिच और जूडिथ बटलर के प्रयासों के समान है। स्त्री भाषा की खोज: वे भाषा के साथ प्रयोग करती हैं, एक ऐसी ‘स्त्री वाणी’ की तलाश करती हैं जो पितृसत्तात्मक व्याकरण का प्रतिरोध करती हो। उल्लेखनीय कृतियाँ: “टोकरी में दिगंत” : ग्रामीण बिम्बों, पौराणिक रूपकों और शहरी निराशा को स्त्रीवादी दृष्टिकोण से जोड़ता है। “पानी को सब याद था”: यह कविता स्मृति, तरलता और प्रतिरोध को एक स्त्रीवादी रूपक के रूप में प्रस्तुत करती है। अनामिका की नारीवादी दृष्टि अधिक प्रतीकात्मक और बहुस्तरीय है, जो सीधे सहानुभूति नहीं बल्कि आलोचनात्मक व्याख्या को आमंत्रित करती है।
    ‘दस्तावेज़’ की यह कड़ी एक औपचारिक इंटरव्यू नहीं है, बल्कि एक कवयित्री के आत्मसंघर्ष, स्मृति और रचनात्मक ताप को सुनने-समझने की एक सृजनात्मक यात्रा है।
    कैमरा यहाँ केवल दृश्य नहीं कैद करता, बल्कि मौन की उस लय को पकड़ने की कोशिश करता है, जहाँ कविता जन्म लेती है।
    यह एपिसोड अनामिका की साहित्यिक यात्रा को नहीं, बल्कि उस भीतरी स्थल को उजागर करता है जहाँ उनका लेखन शिल्प नहीं, जीवन का आत्मस्वर बन जाता है।
    यह संवाद दर्शक को केवल सुनने नहीं, भीतर तक महसूस करने का निमंत्रण देता है,जहाँ कविता, कला और आत्मा एक साझा मौन में आकार पाते हैं।

  • |

    राजेश जोशी : दस्तावेज एपिसोड 02

    10 फरवरी 2019 को दस्तावेज़ की यह यात्रा पहुँची एक ऐसे कवि के पास, जिनकी कविता हिंदी साहित्य के सामाजिक, राजनीतिक और मानवीय सरोकारों की एक सशक्त गूंज बन चुकी है-राजेश जोशी। यह दूसरा एपिसोड एक संवाद नहीं, बल्कि एक कवि की चेतना, स्मृति और संघर्ष की अंतर्यात्रा है। यह साक्षात्कार पटना में हुआ था। यह उस क्षण की तलाश है, जहाँ कविता केवल पंक्तियों में नहीं, बल्कि जीवन की चुप परतों में आकार लेती है।
    राजेश जोशी, जिनका जन्म 1946 में मध्यप्रदेश के नरसिंहगढ़ में हुआ, हिंदी कविता के उन विरल हस्ताक्षरों में से हैं, जो चार दशकों से अधिक समय से अपनी गहन, प्रामाणिक और जन-सरोकारों से जुड़ी कविताओं के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने न केवल कविताएं, बल्कि कहानियाँ, नाटक, निबंध और अनुवाद भी लिखे हैं—हर विधा में भाषा और विचार का गहरा साक्षात्कार रचते हुए।
    उनकी प्रमुख काव्य कृतियाँ—‘एक दिन बोलेंगे पेड़’, ‘मिट्टी का चेहरा’, ‘नेपथ्य में हँसी’ और ‘दो पंक्तियों के बीच’—जैसी रचनाओं में एक कवि का सधा हुआ स्वर है, जो जीवन की टूटन और संभावनाओं के बीच उम्मीद की एक चुप लौ जलाता है। उनकी कहानियाँ और नाटक भी उसी सामाजिक संवेदना से जुड़े हैं, जिनमें ‘सोमवार और अन्य कहानियाँ’, ‘कपिल का पेड़’, ‘जादू जंगल’, ‘अच्छे आदमी’ और ‘टंकारा का गाना’ शामिल हैं।
    इस एपिसोड में हम न केवल राजेश जोशी की कविताओं की दुनिया में प्रवेश करते हैं, बल्कि यह भी समझते हैं कि कैसे एक कवि, गिरते हुए समय की धूल से भी कविता की चिनगारी ढूँढ़ लेता है। उनके शब्दों में सदी के छोर पर खड़े देष के संघर्षों, असहायताओं, और हिंसाओं की छवियाँ हैं और साथ ही है कविता की वह मशाल, जो इन अंधेरों से पार ले जाने की जिद रखती है।

    इस एपिसोड में ‘एक दिन बोलेंगे पेड़’ हो या ‘मिट्टी का चेहरा’, राजेश जोशी की कविताएं मानो समय के खिलाफ दर्ज की गईं वे गवाही हैं, जो चुपचाप सब कह जाती हैं। दस्तावेज़ में हम केवल राजेश जोशी की कविताओं को नहीं सुनते, हम उस यात्रा को महसूस करते हैं जिसमें भाषा, स्मृति और प्रतिरोध एक त्रयी में मिलते हैं। यह एपिसोड उस ठहरे हुए क्षण को पकड़ता है, जहाँ एक कवि, एक नागरिक और एक संवेदनशील आत्मा तीनों एक हो जाते हैं।
    यह श्रृंखला केवल कवि से प्रश्न नहीं करती, बल्कि उसकी आँखों में छिपी कविताओं को पढ़ने की कोशिश करती है। “दस्तावेज़” की दृष्टि वही है, जो शब्दों के परे जाकर उस मौन को समझती है, जिसमें कविता जन्म लेती है।
    राजेश जोशी से यह संवाद एक ऐसी कविता है, जिसे पढ़ने के लिए आपको केवल आँखें नहीं, एक सजग संवेदना चाहिए। दस्तावेज़ का यह एपिसोड उसी संवेदना की दस्तक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *