Arun Singh
|

पटना खोया हुआ शहर : एक शहर की तलाश

Arun Singh Book
कुछ किताबें ऐसी होती हैं, जो पाठक के दिल में एक खाली जगह छोड़ देती हैं, जिसे पाठक अपने अनुभवों और यादों से भरता है। ऐसी कुछ किताबों की समीक्षा नहीं लिखी जा सकती, बस तारीफ़ की जा सकती है। इस कथन को आलोचक के तौर पर असफलता माना जा सकता है, पर यह असफलता नहीं है, बल्कि ईमानदारी है। Arun Singh का ‘पटना खोया हुआ शहर’ (2019, Vani Prakashan ) एक ऐसी ही किताब है। ‘पटना खोया हुआ शहर’ भी पाठक के दिल में खाली जगह छोड़ता है, जिसे चाहकर भी भरना संभव नहीं है, क्योंकि लोगों की कहानी खत्म होती है, लेकिन उन लोगों से बने शहर की कहानी चलती रहती है और कभी खत्म नहीं होती है।
 
पहली महत्वपूर्ण बात इस किताब की यह है कि लेखक का व्यक्तित्व किताब के विषय को कृत्रिम रूप से मैनिपुलेट नहीं करता। इसमें लेखक शरबत में घुली चीनी की तरह है -अदृश्य, मगर मीठा। सभी लेखक- लिख्खार जानते हैं कि लिखी हुई हर पंक्ति लेखक के लिए आत्ममोह का द्वार होती है। यदि लेखक गलती से इस द्वार में प्रवेश कर जाए, तो वह पंक्ति या विषय में परकाया प्रवेश की तरह भूतहा हो जाता है। मगर खोया हुआ शहर में अरुण सिंह के शब्दों में ऐसा संयम है कि पटना प्रमुख हो जाता है और लेखक गौण ही नहीं, लुप्त हो जाता है। लेखक का लुप्त हो जाना एक दुर्लभ उपलब्धि है, जो ख्यातिलब्ध लेखकों के नसीब में भी नहीं होती। लेकिन खोया हुआ शहर इसका एक क्लासिक उदाहरण है।
दूसरी बात है – इस किताब की गति। यह किताब किसी हड़बड़ी में नहीं है। यह उन किताबों में से नहीं है जो पहली पंक्ति से ही महानता चीखने लगती हैं। खोया हुआ शहर उस अनडररेटड क्लासिक फिल्म की तरह है, जो धीरे-धीरे, मध्यम गति से, दृश्य-दर-दृश्य अदृश्य गति से एक गतिशील दृश्यात्मक अनुभव का निर्माण करती है। खोया हुआ शहर 83 पड़ावों (अध्यायों) में पटना के 2600 वर्षों का, अध्याय-दर-अध्याय, ऐसा चित्र खींचती है जो किसी सटीक इतिहास की नीरसता से संभव नहीं है, और न ही किसी उपन्यास की अप्रमाणिकता से। यह किताब इतिहास की प्रमाणिकता और उपन्यास की जीवंतता, दोनों को साथ लेकर चलती है। जैसा कि लेखक कहता है, ‘कुछ चीजें शायद सिर्फ कहानियों के जरिये ही ज़िंदा रह सकती हैं, ख़ासकर वे चीजें जो हमने पूरी तरह खो दी हैं।’ 83 पड़ावों (अध्यायों) में यह कथा-दर-कथा और तथ्य-दर-तथ्य पटना को अपनी संपूर्णता में पाठक के मन में ऐसे छापती है, मानो उसने इसे पढ़ा नहीं, बल्कि देखा हो। यह सब इतना धीरे-धीरे होता है कि पता ही नहीं चलता, मगर इतना अनुभव करवाता है कि मानो आपकी उम्र 2600 साल की हो गई हो — पटना की नहीं।
 
जब पहली बार मैंने शीर्षक पढ़ा -पटना खोया हुआ शहर, तब लगा कि यह किताब बहुत बड़बोला या महत्वाकांक्षी है। इसमें एक भीष्म-दावा निहित था कि पटना में एक ऐसा शहर है जो खो गया है, और इस किताब का लेखक उसे खोज निकालेगा,  इतना बड़बोलापन, इतनी महत्वाकांक्षा! कौन नहीं जानता पटना को? 33 सालों से पटना में रहता हूँ, इसे अपनी हथेली की रेखाओं की तरह जानता हूँ। पर अध्याय-दर-अध्याय गुजरने के बाद महसूस हुआ कि मैं पटना को कितना कम जानता हूँ। लगा कि इंसान जानने के लिए नहीं, भूलने के लिए बना है। यह सभ्यता आपको वर्तमान में उतना ही बताती है, जितना उसे फायदा पहुंचाता है, और वह आपको वह नहीं बताती, जो आपके लिए फायदेमंद हो। मगर यह किताब पटना की उस व्यक्तिगत स्मृति की तरह है, जिसे सब पता है और जिसके बिना हर पटनावासी अधूरा है।
 
इस स्मृति में भगवान बुद्ध, जिनकी शिक्षाओं ने सदियों पहले इस धरती को ज्ञान की भूमि के रूप में प्रतिष्ठित किया, और गुरु नानक, जिनकी उपस्थिति ने पटना को धर्म और सहिष्णुता का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनाया, दोनों के विचार आज भी इस शहर की धड़कनों में बसे हुए हैं। इस स्मृति में आर्मेनियाई मित्र ख़्वाज़ा सफ़र भी हैं, और 1574 में अकबर का पटना आना भी इसका हिस्सा है।
 
इस स्मृति में इमारतें, जिनमें इतिहास की कहानियाँ बसी हुई हैं, जैसे तीन-तीन कॉफी हाउसों के बनने और मिटने की कहानी, जहाँ कभी कला, साहित्य, और राजनीति पर गरमागरम बहसें हुआ करती थीं, मगर अब नहीं हैं। ‘कृष्ण कुंज’, मरियम मंजिल की भव्यता, और ‘कैप्टन गास्टिन की मूर्खता’ के नाम से प्रसिद्ध गोलघर, जो कभी एक विशाल अनाज भंडार के रूप में बनाया गया था, मगर उसमें अनाज कभी रखा नहीं गया और अब शहर के स्मृति-चिह्न के रूप में खड़ा है। और फिर आता है रिज़वान कैसल, जो अपनी गोथिक शैली की स्थापत्य कला के कारण शहर की पुरानी और नई दुनिया के बीच एक सेतु का काम करता है। बकौल लेखक “कंक्रीट के जंगलों के बीच यह इमारत जैसे एक ओएसिस की तरह उभरती है,” जो reminding us of a time when architecture wasn’t just about utility but also about beauty and expression.
 
इस तरह, पटना की यह स्मृति न केवल एक भूगोल या स्थान है, बल्कि एक धरोहर है, जिसमें समय की अनगिनत परतें और कहानियाँ बसी हुई हैं।
 
पर इस पटना की स्मृति में सब कुछ अच्छा नहीं है, कुछ काले अध्याय भी हैं। यह शहर दास व्यापार के बाद दुनिया के सबसे गंदे व्यापार अफीम के व्यापार का केंद्र था और पटना के अफीम से अंग्रेज़ चीन की चाय ख़रीदते थे। 1760 में बंगाल के नवाब मीर जाफर के नरसंहार की घटना है, जिसमें 198 अंग्रेज़ मारे गए थे। 1670 का भयंकर अकाल है, जिसमें एक लाख लोग मारे गए थे। उस अकाल की त्रासदी में 50 पैसे में एक माँ द्वारा अपने बेटे को बेचने की कहानी है, ताकि बेटे को भोजन मिल सके। थॉमस लिखता है, ‘लोगों ने मुट्ठी भर चावल के लिए खुशी-खुशी अपने बच्चों को बेच दिया।’ एक ख़ूबसूरत बच्चे के माता-पिता ने अपने बच्चे को आठ आने में बेचने का प्रस्ताव मार्शल को ही दिया था।
 
“यह किताब एक खिड़की की तरह है, जो आपको टाइम ट्रैवल करवाती है। 600 ईसा पूर्व से आज तक, लगभग 2600 सालों के पटना का सफर केवल 240 पन्नों में समेटा गया है , यह पेड़ों से बने पन्नों का अब तक का सर्वोत्तम सदुपयोग है। पहली दृष्टि में यह आपको एक साधारण किताब लगेगी, जो किताब बनने के लिए लिखी भी नहीं गई थी। इसे साढ़े चार वर्षों की लंबी अवधि में प्रभात खबर के ‘हिस्ट्री एंड हेरिटेज’ साप्ताहिक कॉलम के रुप में लिखा गया था। बकौल लेखक “इस बार यह सिलसिला शुरू हुआ तो करीब साढ़े चार वर्षों तक चला। शोध के क्रम में जैसे-जैसे मैं इतिहास के पन्ने पलटता, एक नया पटना सामने दिखता। पटना के लिए मेरा प्यार बढ़ता चला गया। मुझे लगा कि अब तक मैं पटना को कितना कम जानता था! वी. एस. नायपॉल भी कहते हैं, ‘With knowledge, appreciation grows.'” लिखने और किताब बनने की इस प्रक्रिया में ही इस किताब की खूबसूरती छिपी है। मिर्ज़ा ग़ालिब ने सही ही कहा है, “आह को चाहिए इक उम्र असर होते तक,” उसी तरह एक किताब के विचार को एक किताब बनने में भी ‘इक उम्र’ चाहिए होती है असर होने के लिए। इस किताब को भी लेखक ने ‘इक उम्र’ दी है।”
 
इस प्रक्रिया ने शायद पटना और लेखक को एक कर दिया है, क्योंकि लेखक की दो किताबें पटना पर आ चुकी हैं और कम से कम दो किताबें और तैयार हो रही हैं। पटना पर यह एक तरह की ट्रायलाजी की तरह है। यह कथ्य के साथ एक ईमानदारी का संकेत है, जो पटना पर उनके लेखन को एक किताब से आगे तक ले जा रहा है। इससे एक बात तय है कि इस किताब को बहुत प्यार से लिखा गया है, साथ ही काफी मेहनत से भी। इस किताब में इतने स्रोत हैं, इतने अलग-अलग लोगों के हैं और इतने अलग-अलग काल के हैं कि उन्हें एक साथ करना एक लंबी अवधि में निरंतर किए गए श्रम के बिना संभव नहीं है। और ऐसा श्रम बिना प्यार के संभव नहीं है।
 
यह किताब ओपन वर्ल्ड गेम की तरह है, जो आपको एक पूर्व-निर्धारित नैरेटिव (कथा-सूत्र) नहीं देती, बल्कि आपको 83 संभावित नैरेटिव लाइनें देती है। आप अपनी पसंद की नैरेटिव लाइन को पकड़ लें और उसे पकड़कर अपना पटना तलाश लें, जैसे कोई भैंस की पूछ पकड़कर वैतरणी को पार करेगा। यह नकारात्मक मुहावरा है, मगर यही सच है। एक शहर की स्मृति में लाखों लोगों की स्मृति शामिल है, सैकड़ों सालों का। उसे पार करना एक व्यक्ति के लिए असंभव कार्य है। मगर उस असंभव के पास सबसे संभावित तरीका है – पटना खोया हुआ शहर।
 
पटना खोया हुआ शहर वह किताब है, जिसे पढ़कर हर पटनावासी को इससे प्यार हो जाएगा, और जो पटनावासी नहीं हैं, उन्हें भी पटना से प्यार हो जाएगा। जैसे ही आप इसके पन्ने पलटते हैं, आपको ऐसा अनुभव होता है मानो आप पटना की स्मृतियों में चल रहे हैं, उसकी महक को महसूस कर रहे हैं और उसकी कहानियों को सुन रहे हैं। यह किताब न केवल पटना के निवासियों के लिए, बल्कि हर किसी के लिए है, जो अपने शहर की वास्तविक स्मृति को तलाशना चाहते हैं क्योंकि जब हम एक शहर की कहानियों को भूलते हैं, तो हम उसकी आत्मा को भी खो देते हैं, और अपनी भी। ऐसी किताबें शहर की आत्मा को बचाती हैं।
 
————-समाप्त—————
संदर्भ-
1. Mark Haddon. The Curious Incident of the Dog in the Night-Time. London: Jonathan Cape, 2003.
2. Benjamin Walter . The Arcades Project. The Belknap Press of Harvard University Press,2002.
3. Colson Whitehead. The Colossus of New York. Doubleday, 2003

Similar Posts

  • | |

    ममता कालिया : दस्तावेज एपिसोड 01

    दस्तावेज एपिसोड 01: ममता कालिया से संवाद
    9 सितम्बर 2018 को ‘दस्तावेज़’ की यह मौन यात्रा अपने पहले पड़ाव से आरंभ हुई-ममता कालिया के साथ एक गहरी, आत्मीय और संवेदनशील बातचीत के रूप में।
    ‘दस्तावेज़’ केवल एक श्रृंखला नहीं, बल्कि एक ऐसा प्रयास है जो कलाकार की उस आंतरिक भूमि तक पहुँचता है, जहाँ रचना जन्म लेती है,जहाँ शब्द मौन में बदल जाते हैं और मौन कला में। इसी भावना के साथ, पहला एपिसोड समर्पित हुआ उस लेखिका को, जिनकी लेखनी ने हिंदी साहित्य में स्त्री की आत्मस्वीकृति, समाज के द्वंद्व, और व्यक्तिगत अस्तित्व की जटिलताओं को रेखांकित किया—ममता कालिया।
    02 नवम्बर 1940 को वृन्दावन में जन्मी ममता कालिया, हिंदी की उन विरल साहित्यकारों में हैं जिनकी उपस्थिति पिछले सात दशकों से हिंदी कहानी, उपन्यास, कविता, निबंध, नाटक और पत्रकारिता के हर मोर्चे पर जीवंत रही है। उनके भीतर एक सजग स्त्री की दृष्टि है, जो अनुभव की सतह को चीरकर सामाजिक यथार्थ और व्यक्तिगत अनुभूति का गहन आख्यान रचती है।
    इस एपिसोड में, कैमरे ने न केवल उनके शब्दों को, बल्कि उनके मौन को भी सुना, उस मौन को जो हर रचनाकार की आत्मा में तपता है, और जो केवल तब प्रकट होता है जब कोई उसे पूछने नहीं, सुनने आता है।
    यह संवाद केवल लेखकीय यात्राओं का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि एक स्त्री की सांस्कृतिक चेतना, संघर्ष, और उसके भीतर पलती सृजन-चिंता का भी चित्र है। ममता कालिया की आवाज़ में जब ‘लड़कियाँ’, ‘दौड़’, ‘एक पत्नी के नोट्स’ जैसी रचनाएँ प्रतिध्वनित होती हैं, तब दर्शक केवल पाठक नहीं रह जाता, वह साक्षी बन जाता है उस यात्रा का, जिसमें जीवन, साहित्य और समय एक त्रयी बनकर गूंजते हैं।
    यह एपिसोड ‘दस्तावेज़’ की उस मूल दृष्टि को मूर्त करता है, जो दृश्य और अदृश्य के बीच बसे साहित्यिक क्षणों को पकड़ने की कोशिश है। यह उस ठहरे हुए समय की तस्वीर है, जहाँ एक कवि, एक लेखिका, और एक स्त्री तीनों एक साथ बैठी मिलती हैं, अपने होने की कथा सुनाती हुईं।
    दस्तावेज़, ममता कालिया के साथ इस प्रथम संवाद में, उस बिंदु को छूने का साहस करता है जहाँ लेखन शिल्प नहीं, बल्कि एक जीवनगत प्रतिज्ञा बन जाता है।

  • |

    राजेश जोशी : दस्तावेज एपिसोड 02

    10 फरवरी 2019 को दस्तावेज़ की यह यात्रा पहुँची एक ऐसे कवि के पास, जिनकी कविता हिंदी साहित्य के सामाजिक, राजनीतिक और मानवीय सरोकारों की एक सशक्त गूंज बन चुकी है-राजेश जोशी। यह दूसरा एपिसोड एक संवाद नहीं, बल्कि एक कवि की चेतना, स्मृति और संघर्ष की अंतर्यात्रा है। यह साक्षात्कार पटना में हुआ था। यह उस क्षण की तलाश है, जहाँ कविता केवल पंक्तियों में नहीं, बल्कि जीवन की चुप परतों में आकार लेती है।
    राजेश जोशी, जिनका जन्म 1946 में मध्यप्रदेश के नरसिंहगढ़ में हुआ, हिंदी कविता के उन विरल हस्ताक्षरों में से हैं, जो चार दशकों से अधिक समय से अपनी गहन, प्रामाणिक और जन-सरोकारों से जुड़ी कविताओं के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने न केवल कविताएं, बल्कि कहानियाँ, नाटक, निबंध और अनुवाद भी लिखे हैं—हर विधा में भाषा और विचार का गहरा साक्षात्कार रचते हुए।
    उनकी प्रमुख काव्य कृतियाँ—‘एक दिन बोलेंगे पेड़’, ‘मिट्टी का चेहरा’, ‘नेपथ्य में हँसी’ और ‘दो पंक्तियों के बीच’—जैसी रचनाओं में एक कवि का सधा हुआ स्वर है, जो जीवन की टूटन और संभावनाओं के बीच उम्मीद की एक चुप लौ जलाता है। उनकी कहानियाँ और नाटक भी उसी सामाजिक संवेदना से जुड़े हैं, जिनमें ‘सोमवार और अन्य कहानियाँ’, ‘कपिल का पेड़’, ‘जादू जंगल’, ‘अच्छे आदमी’ और ‘टंकारा का गाना’ शामिल हैं।
    इस एपिसोड में हम न केवल राजेश जोशी की कविताओं की दुनिया में प्रवेश करते हैं, बल्कि यह भी समझते हैं कि कैसे एक कवि, गिरते हुए समय की धूल से भी कविता की चिनगारी ढूँढ़ लेता है। उनके शब्दों में सदी के छोर पर खड़े देष के संघर्षों, असहायताओं, और हिंसाओं की छवियाँ हैं और साथ ही है कविता की वह मशाल, जो इन अंधेरों से पार ले जाने की जिद रखती है।

    इस एपिसोड में ‘एक दिन बोलेंगे पेड़’ हो या ‘मिट्टी का चेहरा’, राजेश जोशी की कविताएं मानो समय के खिलाफ दर्ज की गईं वे गवाही हैं, जो चुपचाप सब कह जाती हैं। दस्तावेज़ में हम केवल राजेश जोशी की कविताओं को नहीं सुनते, हम उस यात्रा को महसूस करते हैं जिसमें भाषा, स्मृति और प्रतिरोध एक त्रयी में मिलते हैं। यह एपिसोड उस ठहरे हुए क्षण को पकड़ता है, जहाँ एक कवि, एक नागरिक और एक संवेदनशील आत्मा तीनों एक हो जाते हैं।
    यह श्रृंखला केवल कवि से प्रश्न नहीं करती, बल्कि उसकी आँखों में छिपी कविताओं को पढ़ने की कोशिश करती है। “दस्तावेज़” की दृष्टि वही है, जो शब्दों के परे जाकर उस मौन को समझती है, जिसमें कविता जन्म लेती है।
    राजेश जोशी से यह संवाद एक ऐसी कविता है, जिसे पढ़ने के लिए आपको केवल आँखें नहीं, एक सजग संवेदना चाहिए। दस्तावेज़ का यह एपिसोड उसी संवेदना की दस्तक है।

  • | | |

    अरुंधति रॉय से इतनी नफ़रत क्यों?

    अरुंधति रॉय केवल एक लेखिका नहीं, एक विचार हैं-जिससे कई लोग बहस करते हैं, और कई सिर्फ़ गाली देते हैं। आख़िर क्यों एक साहसी लेखिका, जिसने कश्मीर से लेकर नर्मदा घाटी तक आवाज़ उठाई, इतने तीखे घृणा की पात्र बनी? यह लेख उस राजनीतिक, सांस्कृतिक और मानसिक परत को खंगालता है जो एक विचारशील नागरिक को ‘राष्ट्रद्रोही’ मानता है।

  • |

    शिवमूर्ति : दस्तावेज एपिसोड 05 

    “दस्तावेज़” की पाँचवीं कड़ी लेकर आई है समकालीन हिंदी साहित्य की एक ऐसी प्रभावशाली आवाज़ से मुलाक़ात, जिन्होंने ग्रामीण यथार्थ, जातीय संघर्ष, स्त्री चेतना, और सामाजिक बदलाव को अपनी कहानियों का मूल स्वर बनाया – शिवमूर्ति।
    प्रख्यात कथाकार शिवमूर्ति से, जिनकी कहानियाँ खेत, खलिहान, जाति, वर्ग और स्त्री-जीवन के संघर्षों की जीवंत आवाज़ हैं। दस्तावेज़ सिर्फ़ एक साक्षात्कार श्रृंखला नहीं, बल्कि हमारे समय की साहित्यिक यात्रा है। इस एपिसोड में कृष्ण समिद्ध के साथ बातचीत में शिवमूर्ति खुलकर बात करते हैं अपने लेखन, संवेदना, ग्रामीण यथार्थ और कथा की ताक़त पर।
    उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में जन्मे शिवमूर्ति हिंदी कहानी, उपन्यास, और सामाजिक यथार्थ के प्रमुख कथाकारों में से एक हैं। उनकी कहानियाँ कसाईबाड़ा, तिरिया चरित्तर, भरतनाट्यम, सिरी उपमा जोग – न सिर्फ साहित्य में, बल्कि रंगमंच और सिनेमा में भी जीवंत प्रस्तुति बन चुकी हैं। उनका लेखन केवल कथा शिल्प नहीं, बल्कि समाज का दस्तावेज़ है , वह यथार्थ जो खेत, खलिहान और गाँव की धूल में साँस लेता है।
    शिवमूर्ति हिंदी साहित्य की वह संवेदनशील आवाज़, जिसने ग्रामीण भारत की ज़िंदगी, संघर्ष, और बदलाव को कहानियों में सजीव किया। उनकी कहानियाँ किसी दस्तावेज़ की तरह समय, समाज और सत्ता के यथार्थ को उजागर करती हैं। शिवमूर्ति समकालीन Hindi literature के एक अनूठे कथाकार हैं, जिनकी कहानियाँ ग्रामीण भारत की धड़कन, संघर्ष और सच्चाइयों को अद्वितीय गहराई के साथ चित्रित करती हैं। उनका लेखन न केवल साहित्यिक, बल्कि सामाजिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
    उनकी कहानियाँ हिंदी कथा-साहित्य की विरल उपलब्धियाँ हैं, जो जाति, वर्ग, लैंगिकता और सत्ता के यथार्थ को अभिव्यक्त करती हैं। कथा-लेखन के क्षेत्र में प्रारम्भ से ही प्रभावी उपस्थिति दर्ज करानेवाले शिवमूर्ति की कहानियों में निहित नाट्य सम्भावनाओं ने दृश्य-माध्यमों को भी प्रभावित किया। कसाईबाड़ा, तिरिया चरित्तर, भरतनाट्यम तथा सिरी उपमाजोग पर फ़िल्में बनीं, जबकि ‘तर्पण’ उपन्यास पर एक फ़िल्म प्रस्तावित है। तिरिया चरित्तर, कसाईबाड़ा और भरतनाट्यम के हज़ारों मंचन हुए। अनेक देशी-विदेशी भाषाओं में रचनाओं के अनुवाद हुए। कुछ कहानियों का बांग्ला, पंजाबी, उर्दू, उड़िया, कन्नड़ आदि भाषाओं में अनुवाद हुआ है।
    उपन्यास ‘त्रिशूल’ उर्दू एवं पंजाबी में, ‘तर्पण’ जर्मन में और ‘आख़िरी छलाँग’ कन्नड़ में अनूदित है। साहित्यिक पत्रिकाओं यथा – मंच, लमही, संवेद, नया ज्ञानोदय, समावर्तन तथा इंडिया इनसाइड ने इनके साहित्यिक अवदान पर विशेषांक प्रकाशित किए। पहली कहानी बीकानेर से प्रकाशित वातायान में ‘पानफूल’ शीर्षक से 1968 में प्रकाशित हो गई थी। 1976 में दिनमान द्वारा आयोजित अपढ़ संवाद प्रतिगिता में प्रथम पुरस्कार पाने से पुनः लेखन की ओर झुकाव हुआ। जनवरी 80 में धर्मयुग में ‘कसाईबाड़ा’ कहानी प्रकाशित हुई। 1991 में राधाकृष्ण प्रकाशन से ‘केशर-कस्तूरी’ कहानी-संग्रह और 1995 एवं 2004 में राजकमल प्रकाशन से ‘त्रिशूल’ और ‘तर्पण’ उपन्यास प्रकाशित हुए। 2008 में प्रकाशित तीसरा उपन्यास ‘आख़िरी छलाँग’ विशेष रूप से चर्चित रहा।

    इस एपिसोड में शिवमूर्ति चर्चा करते हैं अपनी कथा लेखन की प्रक्रिया, ग्रामीण भारत का यथार्थ, जाति और वर्ग की जटिलता, स्त्री जीवन की अनकही कहानियाँ, और लेखक के रूप में उनके आत्मसंघर्ष और सामाजिक प्रतिबद्धता।
    दस्तावेज़ में यह बातचीत पत्रकारिता नहीं, एक साहित्यिक श्रवण अनुभव है, जहाँ कैमरा केवल है, जहाँ कैमरा केवल चेहरा नहीं पकड़ता, वह मौन, संवेदना, और अंदर की कविता को भी दर्ज करता है। शिवमूर्ति की कहानियाँ कोई कल्पना नहीं, वे समाज के भीतर से उपजी आवाज़ें हैं आवाज़ें जो कहती हैं कि साहित्य केवल पढ़ा नहीं, महसूस किया जाता है।
    यह एपिसोड उन सबके लिए ज़रूरी है, जो हिंदी साहित्य, ग्रामीण जीवन, लेखक की सोच, और सामाजिक यथार्थ में रुचि रखते हैं।

  • |

    मैत्रेयी पुष्पा : दस्तावेज एपिसोड 04 

    ‘दस्तावेज़’ एक साक्षात्कार श्रृंखला की इस यात्रा की अगली कड़ी हमें ले जाती है उस स्त्री स्वर तक, जिसने नारी अस्मिता, ग्रामीण जीवन और सामाजिक विद्रोह को अपने शब्दों में अनसुनी तीव्रता के साथ रूपायित किया है-मैत्रेयी पुष्पा।
    1 फ़रवरी 2019 को लिया गया यह साक्षात्कार, 12 जुलाई 2025 को ‘दस्तावेज़’ के माध्यम से प्रकाशित हो रहा है। यह केवल एक लेखिका से बातचीत नहीं है, यह उनकी स्मृतियों, संघर्षों और बेबाक दृष्टिकोण को समझने की एक रचनात्मक कोशिश है।
    मैत्रेयी पुष्पा, जिनका जन्म उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के सिकुर्रा गाँव में हुआ और जिन्होंने बुंदेलखंड की मिट्टी से अपने अनुभवों को सींचा, हिंदी साहित्य में एक असाधारण जनपक्षधर स्वर बनकर उभरी हैं।
    ‘दस्तावेज़’ की यह कड़ी लेखन के उस ठोस, असुविधाजनक, लेकिन ज़रूरी भूगोल को उजागर करती है, जहाँ स्त्री न केवल लिखती है, बल्कि सामाजिक संरचनाओं को चुनौती देती है। इस एपिसोड में मैत्रेयी जी बात करती हैं-अपनी रचना-यात्रा के संघर्षों की, पितृसत्ता से टकराते स्त्री लेखन की और उस भाषा की, जो ग्रामीण चेतना, लोक संस्कृति और विद्रोह को एक साथ साधती है।
    उनका लेखन ‘गुड़िया भीतर गुड़िया’ जैसी आत्मकथाओं से लेकर ‘चाक’, ‘इदन्न मम’, ‘अल्मा कबूतरी’ जैसे उपन्यासों तक स्त्री के अंत:संघर्षों, उसकी सामाजिक स्थितियों और उसकी चेतना की पड़ताल करता है।
    यह एपिसोड, कैमरे के उस ठहरे हुए क्षण की तरह है, जहाँ लेखिका की आँखों में वह कविता चल रही होती है, जो पन्नों पर नहीं, आत्मा की गहराई में लिखी जाती है। ‘दस्तावेज़’ उस मौन को पकड़ने की कोशिश करता है, जहाँ लेखक की वाणी ठिठकती है, लेकिन उसकी दृष्टि बोलने लगती है।
    यह संवाद मैत्रेयी पुष्पा की लेखकीय चेतना को नहीं, बल्कि उस स्त्री दृष्टि को उजागर करता है जो समाज की परतों में दबे हुए यथार्थ को निर्भीक स्वर देती है। यह वीडियो न केवल साहित्य में रुचि रखने वालों के लिए, बल्कि उन सभी के लिए आवश्यक है जो समाज के भीतर दबी आवाज़ों को सुनना चाहते हैं।
    ‘दस्तावेज़’ की यह कड़ी एक दस्तावेज़ है उस स्त्री साहस की, जो परंपरा से टकराने का जोखिम उठाती है — और पाठकों के हृदय में प्रतिरोध की नई चिंगारी जगाती है।

  • |

    अनामिका : दस्तावेज एपिसोड 03 

    ‘दस्तावेज़’ की यह तीसरी कड़ी एक ऐसी कवयित्री की ओर हमें ले जाती है, जिनकी लेखनी में अनुभव, विमर्श और संवेदना का अनूठा संगम है-अनामिका।
    बिहार के मुज़फ़्फ़रपुर में जन्मी और दिल्ली में शिक्षित अनामिका न केवल समकालीन हिंदी कविता की एक सशक्त आवाज़ हैं, बल्कि स्त्री-विमर्श की गहरी समझ और आलोचनात्मक दृष्टि के लिए भी जानी जाती हैं।
    इस एपिसोड में, ‘दस्तावेज़’ कविता के उस अंतरग पथ पर प्रवेश करता है, जहाँ शब्द केवल विचार नहीं, बल्कि जीवन के अनुभव से उपजे मौन का रूप होते हैं।
    हिंदी कविता की समकालीन दुनिया की सबसे सशक्त आवाज़ों में से एक, कवयित्री अनामिका का यह विशेष साक्षात्कार ‘दस्तावेज़’ शो के लिए लिया गया है। इस बातचीत में अनामिका कविता लिखने की अपनी प्रक्रिया, जीवन के अनुभवों और स्त्री स्वर की भूमिका पर गहराई से बात करती हैं। यह वीडियो हिंदी साहित्य, कविता, नारीवादी चिंतन और आत्मकथात्मक लेखन में रुचि रखने वालों के लिए एक अमूल्य दस्तावेज़ है।
    अनामिका बताती हैं कि कैसे उनके बचपन, पारिवारिक अनुभवों और सामाजिक संघर्षों ने उनकी रचनात्मकता को आकार दिया। साक्षात्कार में वे कविता को आत्मा की भाषा मानती हैं , एक ऐसी भाषा, जो प्रतिरोध, प्रेम और पहचान की बातें करती है। ‘दस्तावेज़’ का यह एपिसोड एक आत्मीय यात्रा है ,जहाँ शब्दों से जीवन को समझने की कोशिश की जाती है।

    अनामिका की कविताएं‘खुरदरी हथेलियाँ’, ‘समय के शहर में’, ‘बीजाक्षर’ सिर्फ साहित्यिक पाठ नहीं, बल्कि स्त्री की चेतना, संघर्ष और सामाजिक विमर्श की जीवंत दस्तावेज़ हैं।
    अनामिका हिंदी नारीवादी लेखन की एक अधिक बौद्धिक और दार्शनिक प्रवृत्ति का प्रतिनिधित्व करती हैं। वे एक कवयित्री, आलोचक और शिक्षाविद् हैं जो मिथकशास्त्र, मनोविश्लेषण और इतिहास से प्रेरणा लेकर लिंग को प्रश्नांकित करती हैं। मिथकों और इतिहास की पुनर्प्राप्ति: अनामिका प्राचीन मिथकों को पुनर्लेखित करती हैं ताकि स्त्री स्वरों और अनुभवों को केंद्र में लाया जा सके , यह कार्य कुछ हद तक पश्चिम में एड्रिएन रिच और जूडिथ बटलर के प्रयासों के समान है। स्त्री भाषा की खोज: वे भाषा के साथ प्रयोग करती हैं, एक ऐसी ‘स्त्री वाणी’ की तलाश करती हैं जो पितृसत्तात्मक व्याकरण का प्रतिरोध करती हो। उल्लेखनीय कृतियाँ: “टोकरी में दिगंत” : ग्रामीण बिम्बों, पौराणिक रूपकों और शहरी निराशा को स्त्रीवादी दृष्टिकोण से जोड़ता है। “पानी को सब याद था”: यह कविता स्मृति, तरलता और प्रतिरोध को एक स्त्रीवादी रूपक के रूप में प्रस्तुत करती है। अनामिका की नारीवादी दृष्टि अधिक प्रतीकात्मक और बहुस्तरीय है, जो सीधे सहानुभूति नहीं बल्कि आलोचनात्मक व्याख्या को आमंत्रित करती है।
    ‘दस्तावेज़’ की यह कड़ी एक औपचारिक इंटरव्यू नहीं है, बल्कि एक कवयित्री के आत्मसंघर्ष, स्मृति और रचनात्मक ताप को सुनने-समझने की एक सृजनात्मक यात्रा है।
    कैमरा यहाँ केवल दृश्य नहीं कैद करता, बल्कि मौन की उस लय को पकड़ने की कोशिश करता है, जहाँ कविता जन्म लेती है।
    यह एपिसोड अनामिका की साहित्यिक यात्रा को नहीं, बल्कि उस भीतरी स्थल को उजागर करता है जहाँ उनका लेखन शिल्प नहीं, जीवन का आत्मस्वर बन जाता है।
    यह संवाद दर्शक को केवल सुनने नहीं, भीतर तक महसूस करने का निमंत्रण देता है,जहाँ कविता, कला और आत्मा एक साझा मौन में आकार पाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *